सोमवार, 24 जुलाई 2017

अब सभी शासकीय स्कूलों में लगेंगी पीएम और सीएम की तस्वीर, शिक्षा विभाग ने सभी बीईओ और स्कूल प्रबंधकों को जारी किया आदेश

जांजगीर-चांपा. राष्ट्रपिता व राष्ट्रपति की तर्ज पर अब जिले के सभी शासकीय स्कूलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की भी तस्वीरें लगेंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधकों को आदेश जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग ने 29 जुलाई तक पाठ्य पुस्तक निगम के डिपो से फोटोफ्रेम ले जाने के निर्देश दिए हैं।

बड़ी बात यह है कि राज्य शासन ने ही इसके लिए आदेश जारी किया है, ताकि स्कूली बच्चें नाम के साथ प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के चेहरे की भी पहचान कर सकें। जिले में संचालित सभी प्रायमरी, मिडिल, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में राज्य शासन ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की फोटोफ्रेम लगाने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद जिले के सभी स्कूलों में तैयारी शुरू हो गई है। पाठ्य पुस्तक निगम डिपो में फोटोफ्रेम भी पहुंच गया है। जल्द ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से फोटोफ्रेम वितरण किया जाएगा। हालांकि ज्यादातर स्कूलों में अभी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री की भी फोटो लगी है, लेकिन नए आदेश के बाद इसे अनिवार्य माना जा रहा है।


इसलिए फोटोफ्रेम जरूरी

शासकीय स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता के दौरान बच्चों से कई तरह के सवाल पूछे गए थे, जिसमें देश के प्रधानमंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री सहित सांसद का नाम भी पूछा गया था। इन सवालों के जवाब में कई बच्चों ने मुख्यमंत्री का नाम गलत बताया था। वहीं वनांचल के स्कूलों में भी बच्चें देश के प्रधानमंत्री का नाम नहीं बता पाए थे। शायद यही वजह है कि शासन ने प्रायमरी सहित हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तस्वीर लगाने के निर्देश दिए हैं।


बच्चों को कराएंगे पहचान

बताया गया कि स्कूलों में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की फोटो लगने के बाद बच्चों को पहचान कराई जाएगी, ताकि बच्चें देश के राष्ट्रपिता व राष्ट्रपति के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पहचान कर सकें। इसी उद्देश्य से स्कूलों में फोटोफ्रेम लगाने का आदेश जारी किया गया है। खबर है कि एक अगस्त से सभी स्कूलों में फोटोफ्रेम लगाकर बच्चों को उनसे अवगत कराना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें