सोमवार, 24 जुलाई 2017

विधायक चुन्नीलाल बैठे बीच सडक़ पर, तीन घंटे यातायात रहा बाधित, सात दिनों में पहल के आश्वासन पर सुचारू हुआ यातायात

नवीन कदम@जांजगीर-चांपा. अकलतरा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक चुन्नीलाल साहू ने बढ़ते सडक़ हादसे के बाद भारी वाहनों की आवाजाही बंद करने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सडक़ पर बैठकर धरना दिया। इस दौरान तीन घंटे तक बलौदा-हरदीबाजार मार्ग में वाहनों की आवाजाही बंद रही। बाद में अकलतरा तहसीलदार मौके पर पहुंचे और 7 दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया, जिसके बाद विधायक साहू ने धरना समाप्त किया।

धरने पर बैठे विधायक साहू ने यह भी कहा है कि यदि तय समय तक मांगों पर अमल नहीं हुआ तो फिर आंदोलन किया जाएगा। दरअसल, बलौदा क्षेत्र में 4 कोलवाशरी संचालित हैं, जहां हर दिन सैकड़ों की संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है। इससे दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। बायपास मार्ग बनाने और सुबह आठ से रात आठ बजे तक मार्ग में नो एंट्री रखने की विधायक साहू की मुख्य मांग है। गौरतलब है कि बलौदा-हरदीबाजार और अकलतरा मार्ग में बीते 15 दिनों में 6 लोगों की सडक़ हादसे में मौत हुई है। वहीं दो दर्जन से भी ज्यादा मवेशियों की भी मौत हो चुकी है। हादसों का सिलसिला जारी है। इस मामले में प्रशासन के गंभीर नहीं होने पर विधायक साहू ने सडक़ पर धरना देने का ऐलान किया था। 

इस संबंध में विधायक ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन भी सौंपा था, जिसके बाद भी कोई पहल नहीं की गई। इस वजह से विधायक साहू धरने पर बैठ गए। बलौदा-हरदीबाजार मार्ग पर विधायक साहू के तीन घंटे तक धरने की वजह से आवागमन बाधित रहा। विधायक ने मामला विधानसभा में भी उठाने की बात कही है। विधायक के अंदोलन को स्थानीय लोग भी सही कदम बता रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें