चांपा. सामान की खरीदारी कर गुरूवार की दोपहर चांपा से गृहग्राम दारंग लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात पिकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने जिला अस्पताल जांजगीर में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद दुर्घटनाकारित पिकअप का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के विरूद्ध जुर्म दर्ज किया है।
चांपा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दारंग निवासी योगेश बरेठ (25) पिता मोतीलाल बरेठ अपने साथी केशव सिदार (30) पिता रामकुमार सिदार के साथ गुरूवार की सुबह सामान खरीदी करने के लिए चांपा आया हुआ था। खरीदारी करने के बाद दोनों युवक दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक क्रमांक सीजी 11, एएच 1840 पर सवार होकर गृहग्राम दारंग वापस लौट रहे थे। कोरबा-चांपा मार्ग पर वे ग्राम सिवनी के पास पहुंचे ही थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में योगेश बरेठ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं केशव सिदार का पैर बुरी तरह कुचल गया। घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना की खबर मिलते ही मौके पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और वाहन की व्यवस्था कर गंभीर रूप से घायल केशव सिदार को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार करने के बाद योगेश के शव को पीएम के लिए भिजवाया। चांपा पुलिस का कहना है कि घटना की रिपोर्ट पर दुर्घटनाकारित वाहन चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। आरोपी चालक की पतासाजी की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें