जांजगीर-चांपा. जिले के अकलतरा एवं मुलमुला क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में सिलसिलेवार चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का अकलतरा-मुलमुला पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने गिरोह के छह सदस्यों से करीब दो लाख का माला बरामद किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के अकलतरा एवं मुलमुला थाना क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में चोरों द्वारा लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था। सरकारी स्कूलों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव द्वारा अज्ञात चोरों की पतासाजी के लिए क्राइम ब्रांच टीम को निर्देशित किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर क्राइम ब्रांच प्रभारी द्वारा चोरों की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किया गया था। इसी दौरान क्राइम ब्रांच टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लडक़े नए-नए पंखों को केवल 500 रुपए में बेचने के लिए सौदा कर रहे है। मुखबिर से मिली सूचना को क्राइम ब्रांच प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। एसएसपी यादव के निर्देशन एवं एएसपी पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच टीम द्वारा तत्काल मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदेही युवक को पकड़ा गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम ग्राम मुरलीडीह निवासी नरेन्द्र नोरगे बताया। पंखा के संबंध में पूछताछ करने पर पहले तो उसके द्वारा गोलमोल जवाब दिया गया, किन्तु कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने ग्राम अर्जुनी में चोरी करना कबूल किया। आगे उसने बताया कि अपने साथी अनिकेत, पेटू, केशव और दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर ग्राम अर्जुनी के शासकीय हाईस्कूल में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी की निशानदेही पर उसके अन्य साथियों को भी पकड़ा गया।
नाबालिग निकला मास्टर माइंड
पूछताछ में पता चला कि आरोपी नरेन्द्र नोरगे का छोटा भाई अपचारी बालक ही सभी चोरियों का मास्टरमाइंड है। इसके बाद सभी आरोपियों से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उनके द्वारा चौंकाने वाले खुलासे किए गए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अकलतरा, मुलमुला एवं आसपास के स्कूलों में सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। उन्होंने सात जून 2017 को ग्राम अमोरा के शासकीय स्कूल से पंखा एवं अन्य शासकीय सामान, दो जुलाई 2017 की रात ग्राम अर्जुनी के एक किसान की बाड़ी से सबमर्सिबल पंप, 20 जुलाई 2017 की रात ग्राम अर्जुनी के शासकीय स्कूल से सबमर्सिबल पंप, 24 जुलाई 2017 को ग्राम अमोरा के आंगनबाड़ी केंद्र से वेट मशीन एवं अन्य शासकीय सामान, 11 अगस्त 2017 की रात ग्राम पकरिया के पचगवां स्कूल से कटर ग्राइंडर, पंखा एवं अन्य सामान, माह अगस्त में ही तागा और किरारी के बीच स्थित स्कूल से पंखा एवं अन्य सामान, 10 अगस्त 2017 की रात ग्राम रसेड़ा के पास नेशनल हाइवे पर बन रहे फोरलेन सडक़ से एक डीजल पम्प, 21 सितम्बर 2017 की रात शासकीय स्कूल झलमला से पंखा, कूलर एवं अन्य सामान, 27 सितम्बर 2017 की रात शासकीय स्कूल गतौरा से कम्प्यूटर का मॉनिटर, पंखा एवं अन्य सामान, छह अक्टूबर 2017 की रात ग्राम अर्जुनी के शासकीय स्कूल से पंखा, साइकिल एवं अन्य सामान तथा 2017 में ही अपने गांव के तालाब के पास से सबमर्सिबल का स्टार्टर, ग्राम कोटमीसोनार से बैटरी की चोरी करना कबूल किया।
गिरोह के चार सदस्य अभी फरार
पकड़े गए आरोपियों में सरगना नरेंद्र नोरगे एवं उसका छोटा भाई अपचारी बालक है, जिनके नेतृत्व में गिरोह के अन्य सदस्य चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। क्राइम ब्रांच प्रभारी ने बताया कि इनके गिरोह में और भी चार सदस्य हैं, जो चोरियों में शामिल थे। फिलहाल वे चारों फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सामानों को जब्त कर लिया गया है। वहीं पकड़े गए आरोपियों को भादवि की धारा 457, 380, 379, 41(1-4), सीआरपीसी 379 के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से जब्त सामानों में सीलिंग पंखा 33 नग, बैटरी चार नग, कूलर दो नग, स्टैण्ड पंखा दो नग, एग्जॉस्ट फैन चार नग, स्टील गिलास 15 नग, पेटी एक नग, वेट मशीन एक नग, कटर ग्राइंडर एक नग, मॉनिटर एचसीएल दो नग, माउस व स्पीकर तीन नग, सबमर्सिबल पम्प चार नग, दरी 5 नग, डीजल पम्प एक नग, दीवार घड़ी दो नग, इंडक्शन चूल्हा एक नग, रेडियो एक नग, स्टार्टर दो नग, साइकिल एक नग, केबल वायर, चोरी में प्रयुक्त यामहा बाइक एवं चोरी में प्रयुक्त औजार को जब्त किया गया है। जब्त किए गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में नरेंद्र नोरगे (22) पिता दुखुराम नोरगे, केशव राय (19) पिता प्रेमलाल राय, रंजीत उर्फ पेटू (22) पिता परदेशी, अनिकेत टंडन (18) पिता प्रमोद टण्डन एवं दो अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी मुलमुला थाना अंतर्गत ग्राम मुरलीडीह के निवासी हैं। इस कार्रवाई में अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश मिश्रा, क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, उपनिरीक्षक द्वारिका राठौर, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रदीप यादव, फुलेश्वर सिदार, प्रधान आरक्षक लाला राम खूंटे, भोलेनाथ तिवारी, सुरेंद्र कश्यप, गौरीशंकर कौशिक, आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, रेमन सिंह राजपूत, राजेश कोसले, अतीस पारीक, मोहन साहू शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें