चांपा. शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में चांपा पुलिस ने जगदलपुर के महारानी अस्पताल में पदस्थ एक स्टॉफ नर्स को गिरफ्तार किया है। ठग स्टॉफ नर्स ने चांपा क्षेत्र के ग्राम बिरगहनी निवासी युवती से धोखाधड़ी की है।
चांपा थाना प्रभारी केपी मरकाम ने बताया कि ग्राम बिरगहनी निवासी गोमती देवांगन (27) पिता तीजराम देवांगन ने थाने में लिखित शिकायत दी थी कि जगदलपुर के महारानी अस्पताल में स्टॉफ नर्स के पद पर पदस्थ अंशीला बैस (36) पति आशीष बैस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर उससे तीन लाख रुपए की ठगी की है। शिकायतकर्ता गोमती ने यह भी बताया था कि ठगी करने वाली स्टॉफ नर्स चांपा स्थित मिशन कंपाउंड की मूल निवासी है। स्थानीय निवासी होने के कारण उससे परिचय हुआ था। शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर उसने तीन लाख रुपए तो ले लिए, लेकिन नौकरी नहीं दिलाई। लगातार संपर्क करने पर वह गोलमोल जवाब दे रही है तथा रकम भी वापस नहीं लौटा रही है। टीआई मरकाम ने बताया कि शिकायतकर्ता गोमती के आवेदन की जांच के बाद अपराध घटित होना पाए जाने से चांपा थाना में अपराध क्रमांक 167/17, भादवि की धारा 420, 34 का अपराध पंजीबद्ध किया जाकर मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी स्टॉफ नर्स अंशीला बैस (36) पति आशीष बैस के विरूद्ध अपराध सबूत पाए जाने के कारण उसे 19 अक्टूबर को गिरफ्तार कर विवेचना अपूर्ण पाए जाने पर रिमांड पर भेजा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें