बिर्रा. डभराखुर्द मार्ग में प्रस्तावित नवीन देशी शराब दुकान को खोलने के विरोध में ग्राम पंचायत सोनादह, डभराखुर्द व बनडभरा के सैकड़ों महिला, पुरूष व बच्चे प्रस्तावित स्थल पर दिन भर डटे रहे एवं महिलाएं अपने हाथ में डंडा लेकर विरोध प्रदर्शन करते रैली निकालकर 4 किमी पैदल चलकर बिर्रा थाना पहुंची, जहां थाना प्रभारी को लिखित में ज्ञापन सौपा।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार एनएच मार्ग से शराब दुकान हटाने के लिए राज्य सरकार ने एक अप्रेल से नई शराब नीति लागू की है, जिससे बिर्रा बाजार चौक से दुकान हटाकर 500 मीटर दूर डभराखुर्द मार्ग में प्रस्तावित किया है, जिसका पूर्व में भी ग्रामीणों ने विरोध किया था। इसके वावजूद इस पर आबकारी विभाग के के अफसरों के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। एक अप्रेल को नए सत्र के लिए शराब दुकान खोलने की खबर लगते ही तीनों गांव के ग्रामीण, महिला व बच्चे प्रस्तावित स्थल पर पहुंचकर धरने में बैठ गए।
महिलाएं हाथों में डंडा लिए भूखे प्यासे डटे रही। धरने पर बैठे महिलाओं और बच्चों को भूखा प्यासा देखकर ग्रामीणों ने शाम को वहीं पर उनके लिए भोजन की व्यवस्था की एवं उनकी मांगों का समर्थन करते युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डभराखुर्द से बाजार चौक, बस स्टेंड तक नारे लगाते हुए लगभग 4 किमी पैदल रैली निकाली। रैली बिर्रा थाना पहुंची, जहां अपनी लिखत शिकायत में प्रस्तावित स्थल से शराब दुकान हटाने का ज्ञापन दिया गया एवं इस पर कार्यवाही नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की बात कही।
धरने में सरपंच सत्यनारायण चंद्रा, बनडभरा सरपंच रामसाय कश्यप, पूर्व सरपंच ओलेश्वर कौशिक, लक्ष्मी कर्ष, विनोद खूंटे, लक्ष्मी चौहान, सद्दाम, शिवनाथ पटेल, रमेश पटेल, लखन चंद्रा, पन्नालाल, नरसिंह पटेल सहित भारी संख्या में बनडभरा, सोनादह व डभराखुर्द की महिलाएं, बच्चे व महिला समिति के सदस्य शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें