जांजगीर-चांपा. क्राइम ब्रांच की टीम ने पामगढ़ क्षेत्र से चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन चोरों को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए चोर रात के समय ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। जानकारी के अनुसार, जिले में मोटरसाइकिल की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी निर्देशित किया गया है, जिसके पालन में क्राइम ब्रांच द्वारा मुखबिरों को सक्रीय कर मोटरसाइकिल चोरी करने वालों पर निगाह रखने कहा गया था।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राहौद निवासी संजय पटेल अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल बदल- बदल कर घूम रहा है, जो चोरी की हो सकती हैं। मुखबिर की सूचना पर गंभीरतापूर्वक रूचि लेते हुए इस संबंध में क्राइम ब्रांच प्रभारी द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम द्वारा पामगढ़ क्षेत्र में जाकर संदेही युवक संजय पटेल को मोटरसाइकिल में घूमते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में पहले तो वह युवक गोलमोल जवाब देने लगा, किंतु मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर वह टूट गया और मोटरसाइकिल को राहोद से चोरी करना कबूल किया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि मंगलू और रामहरि उसके दोस्त हैं। उनके साथ मिलकर कुल 4 मोटरसाइकिल चुराए हैं, जिनमें राहौद से 2 हीरो डीलक्स, मेउभाठा से 1 हीरो डीलक्स और एक मोटरसाइकिल पल्सर को ससहा मेला से वापस आते समय अस्पताल के सामने पामगढ़ से चोरी करना उसने स्वीकार किया।
उसने बताया कि सभी मोटरसाइकिल की चोरी तीनों दोस्त ने मिलकर की है। चोरी करने के लिए वे रात में ही निकलते थे। मोटरसाइकिल के मालिकों के संबंध में पतासाजी करने पता चला की मोटरसाइकिल सीजी 11 सीए 6041 डीलक्स राहौद निवासी रामकुमार यादव की है, जिसकी रिपोर्ट उन्होंने थाना शिवरीनारायण में दर्ज कराई थी। दूसरी गाड़ी डीलक्स सीजी 04 केपी 4815 ग्राम पकरिया निवासी झुमुकलाल शर्मा की है, जो राहोद से चोरी हो गई थी। पल्सर मोटरसाइकिल पामगढ़ निवासी संदीप नाग की है, जिसकी रिपोर्ट थाना पामगढ़ में दर्ज है। संजय ने बताया कि उसका दोस्त मंगलू यादव चोरी करने की योजना बनाता था। सभी मोटरसाइकिल को छिपाकर रखे थे और गाड़ी के वास्तविक नम्बर को बदलकर घूमते थे। वे अभी भी घूम रहे थे और पकड़े गए। क्राइम ब्रांच प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से कुल 4 मोटर साइकिल जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित क़ीमत लगभग एक लाख 70 हजार रुपए है। इस मामले में भादवि की धारा 379, 41 (1-4) सीआरपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया जाकर आरोपी संजय पटेल पिता भरत लाल पटेल, रामहरि पिता दरसराम गोड़ तथा मंगलू यादव पिता दुइजराम यादव को गिरफ्तार किया गया है। सभी शिवरीनारायण थाना अंतर्गत राहौद के निवासी हैं। उक्त कार्यवाही में क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक लालाराम खूंटे, आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, अतीश पारीक, रेमन सिंह राजपूत, राजेश कोसले, राजेश शर्मा, प्रमिल मिंज शामिल थे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें