बुधवार, 11 अक्टूबर 2017

सरोज पाण्डेय बोलीं-आगामी दिनों में गली-कूचे में भी नजर नहीं आएगी कांग्रेस, प्रधानमंत्री को बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए दिया साधुवाद

जांजगीर-चांपा. आगामी चुनाव में कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं देगी, यह तय है। कांग्रेस स्वयं बिखरी हुई है। पुराने नेताओं ने नई पार्टी बना ली है। वो खुद अपना अस्तित्व तलाश रहे हैं। कांग्रेस आगामी दिनों में किसी गली-कूचे में भी दिखाई नहीं देगी। ये बातें भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही।

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर बुधवार को जिला मुख्यालय जांजगीर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति देशभर में खराब है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी, जिस तरह से आमलोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाने में कामयाब हुई है, उससे साफ है कि आगामी चुनावों में छत्तीसगढ़ राज्य ही नहीं, केन्द्र में पुन: भाजपा की सरकार बनेगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के संगठन चुनाव और उसके बदलाव के बाद के प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री पाण्डेय ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता जागरूक हो गई है। यही वजह है कि देश के विभिन्न राज्यों से कांग्रेस साफ होती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाएं जनहित से जुड़ी हैं, इसलिए जनता भाजपा को काफी पसंद कर रही है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए प्रधानमंत्री मोदी को साधुवाद दिया। इससे पहले वे अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संगठन द्वारा आयोजित वृहद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बतौर शामिल हुईं। 

इस कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य के लिए होनहार बेटियों का सम्मान किया गया और उनके मन बात भी सुनी गई। कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय सांसद कमला पाटले, छग राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय तथा विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष नारायण चंदेल ने बेटियों के लगातर गिरते प्रतिशत को समाज और देश के लिए चिंता का विषय बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां एवं जिले भर के लोग शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें