बुधवार, 15 मार्च 2017

सौर सुजला योजना : खेतों में सौर ऊर्जा से पहुंचा पानी

जिले के 73 किसानों के खेतों में लगा सब-मर्सिबल पम्प

 

सुनीता केशरवानी@जांजगीर-चांपा. जैजैपुर के ग्राम तुषार के किसान अमृतलाल चंद्रा के खेतों मे टमाटर और मिर्च की फसल लहलहा रही है। इन फसलों की सिंचाई सौर सुजला योजना के तहत लगे तीन एचपी के सब मर्सिबल पम्प से हो रही है।

चंद्रा ने बताया कि तीन एचपी के सौर सुजला सब मर्सियल पम्प से प्रतिदिन करीब 80 हजार लीटर पानी आ रहा है। उन्होंने बताया कि विद्युत की सुविधा नहीं होने से पहले खेत में पम्प नहीं लगा था। इसलिए फसलों की सिंचाई के लिए परेशानी होती थी पर अब सब-मर्सिबल पम्प से सब्जियों के लिए पर्याप्त पानी आ रहा है और जरूरत अनुसार सब्जियों की सिंचाई हो रही है। फसलों को देखकर लगता है कि इस बार अच्छी आमदनी होगी। सौर सुजला योजना के तहत चंद्रा के अलावा जैजैपुर के ग्राम भोथिया के किसान जोईधा सिंह चंद्रा, खरवानी के किसान धनाऊराम लदेर, बलौदा के ग्राम चारपार के बद्रीप्रसाद पटेल, अकलतरा के ग्राम पड़रिया के परसराम साहू, मनहरण गोड़ सहित जिले के 73 किसानों के खेतों में सब-मर्सिबल पम्प लग चुका है। इस पम्प से किसानों को खेती-किसानी के लिए पानी भी मिल रहा है। क्रेडा के सहायक अभियंता विजय कुमार ने बताया कि अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के हितग्राहियों को सोलर पम्प सिस्टम (थ्री एचपी सबमर्सिबल पम्प) लगाने पर केवल सात हजार रुपए अंशदान और तीन हजार रुपए प्रोसेसिंग शुल्क देनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि विद्युत पहुंचविहीन क्षेत्रों में ंिसंचाई सुविधा के विस्तार के लिए सौर सुजला योजना संचालित की जा रही है। योजना में पहुंचविहीन पहाड़ी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा से चलने वाले पम्प किसानों को दिए जा रहे हैं, ताकि इन पम्पों के माध्यम से सिंचाई करके किसान अपनी आमदनी बढ़ा सके। उन्होंने बताया कि चालू माह के अंत तक जिले में दो सौ से अधिक किसानों के खेतों में सोलर पम्प लग जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें