जांजगीर-चांपा. सक्ती के तत्कालीन तहसीलदार की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्कालीन पटवारी समेत जिन भू-माफियाओं के विरूद्ध धोखाधड़ी और जालसाजी का अपराध पंजीबद्ध किया था, उसकी केस डायरी सक्ती थाने से गुम होने के मामले में पुन: विवेचना प्रारंभ करवा दी गई है। केस डायरी की कार्बन कापी के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है। विवेचना पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये जानकारी नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक नीथू कमल ने दी। पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार की शाम 7 बजे उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में पत्रकारों से चर्चा की। एसपी नीथू कमल ने बताया कि सक्ती के तत्कालीन तहसीलदार संजय सोमवार द्वारा एक जनवरी 2011 को की गई लिखित शिकायत पर हल्का नंबर 11 के पटवारी कुंजबिहारी बैसवाड़े के विरूद्ध थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 02/11, भादवि की धारा 420, 467, 468, 471 का जुर्म दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में तत्कालीन विवेचकों द्वारा पटवारी के विरूद्ध अपराध सिद्ध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर निरीक्षक डीआर गंधर्व द्वारा 24 सितम्बर 2011 को आरोप पत्र 276/11 प्रस्तुत किया गया था। आरोप पत्र में धारा 173 के तहत पूरक चालान प्रस्तुत किए जाने का लेख है, लेकिन किन-किन व्यक्तियों के विरूद्ध आरोप तय किया गया है, इस बात का उल्लेख आरोप पत्र में नहीं किया गया है। इसी प्रकार प्रथम सूचना पत्र के आवेदन में कुंजबिहारी बैसवाड़े के विरूद्ध ही प्रथम सूचना पत्र दर्ज कराया गया है। तत्कालीन थाना प्रभारी डीआर गंधर्व एवं थाना प्रभारी लंबोदर पटेल द्वारा प्रकरण की डायरी वर्ष 2011 में गुम होने की रिपोर्ट वर्ष 2014 में की गई है, जिसका लेख निरीक्षक सविता दास द्वारा रिकार्ड में किया गया है।
एसपी नीथू कमल ने बताया कि इस मामले की पुन: विवेचना करवाई जा रही है। विवेचना पूर्ण होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बेसिक पुलिसिंग मजबूत होनी चाहिए, तभी अपराध और अपराधियों पर लगाम लगेगा। इसलिए उनकी पहली प्राथमिकता बेसिक पुलिसिंग की मजबूती होगी। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के आधार पर काम किया जाएगा। साथ ही महिला सुरक्षा, थाना क्षेत्रों में शाम को पैदल पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था आदि पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसपी नीथू कमल ने कहा कि जिले में पदस्थ एएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और लगभग सभी थाना प्रभारी काफी चुस्त-दुरूस्त हैं। ऐसे में उनसे सलाह-मशवरा कर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने निवर्तमान पुलिस अधीक्षक अजय यादव के कार्यों की खूब सराहना की। साथ ही भरोसा दिलाया कि मीडिया से बेहतर तालमेल बनाकर वे काम करेंगी। इस दौरान एएसपी पंकज चंद्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें