शनिवार, 20 जनवरी 2018

कुछ दिनों पहले जहां थी घुटने भर दलदल, अब वहां बन गई पक्की सडक़, ग्राम पंचायत सरखों में सरपंच संजय राठौर ने बहाई विकास की गंगा

जांजगीर. आमतौर पर सरपंचों की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी ही रहती है। सरपंचों पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में हेराफेरी का आरोप लगना साधारण बात है, लेकिन ग्राम पंचायत सरखों में इनके उलट है। ग्राम पंचायत सरखों के युवा सरपंच संजय राठौर ने पंचों एवं ग्रामीणों के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर चंद महीनों के भीतर गांव में विकास की गंगा बहा दी है। इस पंचायत में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। आलम यह है कि कुछ माह पहले गांव की जिन गलियों में जहां दोपहिया वाहन पहुंचना आसान नहीं था, वहां अब बड़ी आसानी से चारपहिया वाहन पहुंचने लगे हैं। गांव की प्राय: सभी गलियों में सीसी रोड का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुविधाजनक हो गया है। 

निर्माण संबंधी जानकारी देते सरपंच संजय राठौर
जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरखों में सरपंच की कुर्सी संजय राठौर ने जब से संभाली है, तब से विकास को पंख लग गए हैं। ग्रीष्मकाल के दौरान ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने सरपंच राठौर ने जहां गांवभर में पाइप लाइन का विस्तार करवाया है। वहीं कुछ वर्ष पहले तक कीचड़ और दलदल से सनी गांव की अधिकांश गलियां अब पहचान में ही नहीं आ रही है। सरपंच राठौर ने प्राथमिकता के साथ गांव की सभी गलियों में सीसी रोड का निर्माण कराया है। आपको बता दें कि इस गांव की सबसे बड़ी समस्या सडक़ की थी। गांव के पनिया में घुटने भर पानी और कीचड़ जमा हुआ था, जिसकी साफ-सफाई कभी नहीं हुई थी। इस वजह से ग्रामीणों को करीब दो किलोमीटर घूमकर मुख्य मार्ग पकडऩा पड़ रहा था। सरपंच राठौर ने ग्रामीणों को पक्की सडक़ की सुविधा दिलाने के लिए शुरू से ही कमर कसी थी। इस संकल्प को साकार करने के लिए सरपंच राठौर ने शासन-प्रशासन से लगातार पत्राचार किया, जिसके परिणामस्वरूप पनिया में सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति मिली। सीसी रोड निर्माण प्रारंभ करवाने से पहले सरपंच राठौर ने सारी औपचारिकताएं पूरी की, इसके बाद पंचों एवं ग्रामीणों के सहयोग से पनिया में जमा दलदल और गंदे पानी को बाहर निकलवाया। इस काम के बाद सीसी रोड निर्माण प्रारंभ हुआ, जो अब पूर्णता के कगार पर है। सरपंच राठौर ने बताया कि पनिया में सीसी रोड निर्माण होने से लोगों को आवागमन में खासी सुविधा मिलेगी, क्योंकि गांव से मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए लोगों को पहले करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन पनिया में सीसी रोड निर्माण पूर्ण होने से ग्रामीण अब सीधे स्कूल चौक के पास मुख्य मार्ग में निकलेंगे। उन्होंने बताया कि पनिया को साफ करवाकर सीसी रोड निर्माण करवाने की योजना अब तक के किसी भी सरपंच ने नहीं बनाई थी, जिसके कारण पनिया में घुटने भर दलदल और पानी जमा था। इसी वजह से पनिया में स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर में कभी खराबी आने की स्थिति में उसे सुधार करने के लिए लाइनमैन भी वहां जाने से हिचकते थे, लेकिन अब यह मार्ग चकाचक हो गया है। सरपंच राठौर ने आगे बताया कि कुछ माह पहले तक गांव की जिन गलियों में दोपहिया वाहन बड़ी मुश्किल से पहुंचता था, उन्हीं गलियों में अब बड़ी आसानी से चारपहिया वाहन पहुंचने लगेगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पनिया में सीसी रोड निर्माण से चारपहिया वाहन अब गांव के हृदय स्थल रामजानकी मंदिर के समीप तक भी आसानी से पहुंच पाएंगे। उन्होंने बताया कि यह पंचों एवं ग्रामीणों के निरंतर सहयोग से संभव हो सका है।
 


पनिया के जमीन की बढ़ गई कीमत

कुछ दिनों पहले तक पनिया के आसपास स्थित जमीन को लोग कौड़ी के दाम लेने तैयार नहीं थे, लेकिन यहां सीसी रोड निर्माण होने से जमीनों की कीमत अब बढ़ गई है। मजेदार बात यह है कि जिन ग्रामीणों के घर का पिछला हिस्सा पनिया की ओर था, वही हिस्सा अब सामने बनने लगा है। चूंकि पनिया में निर्मित सीसी रोड काफी चौड़ी है, इसलिए लोग अब इसे ही अपने घर के सामने का हिस्सा बनाने की सोंच रहे हैं, जिससे वे मुख्य सडक़ मार्ग तक आसानी से पहुंच सकें।
 


अब होगा गलियोंं में नाली निर्माण

सरखों के सरपंच राठौर ने बताया कि गांव में पानी निकासी की समस्या काफी पुरानी है। समय के साथ गलियां संकरी होती गई हैं, जिसके चलते घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी की समस्या भी निर्मित हुई है। ग्रामीणों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए गांव की अधिकांश गलियों में नाली निर्माण की योजना बनाई गई है। इसे जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा। गांव की गलियोंं में तीन से चार इंच चौड़ी नाली बनने से ग्रामीणों की पानी निकासी की समस्या भी दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा गांव में और भी कई विकास कार्य कराने की योजना बनाई गई है। शासन से बजट मिलने के बाद वे सभी योजनाएं भी मूर्त रूप लेने लगेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें