सक्ती. जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के बच्चों को अब बेहतर शिक्षा मिल सकेगी। इस वर्ग के बच्चों को अच्छी शिक्षा मुहैया कराने के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम पंचायत पलाड़ीखुर्द में नवीन एकलव्य विद्यालय का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. खिलावन साहू द्वारा विधिवत् पूजा-अर्चनाकर किया गया है।
विद्यालय के शुभारंभ अवसर पर विधायक डॉ. साहू ने कहा कि जिले के सक्ती विकासखंड क्षेत्र में आदिवासी वर्ग की बाहुल्यता अधिक होने के कारण इस वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के लिए एक अच्छे विद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। क्षेत्र के लोगों की मांग पर शासन द्वारा पिछले वर्ष ग्राम पलाड़ीखुर्द में नवीन एकलव्य आदर्श आवासीय केन्द्रीय विद्यालय की स्वीकृति दी गई। आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने के बाद इस विद्यालय का शुभारंभ किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी। साथ ही वे आवासीय विद्यालय में रहकर अपना भविष्य संवार सकेंगे। विधायक डॉ. साहू ने बताया कि नवीन आवासीय विद्यालय में 420 सीट उपलब्ध हैं, जो फिलहाल पर्याप्त हैं। भविष्य में यदि सीट में वृद्धि की आवश्यकता महसूस हुई तो शासन से सीट बढ़ाने का आग्रह किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को गणवेश का वितरण भी किया। कार्यक्रम में आवासीय विद्यालय के शिक्षक तथा आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें