शनिवार, 21 अक्टूबर 2017

कथित सेल्समैन ने खुद पर पेट्रोल डाल की आत्महत्या की कोशिश, आठ वर्षों से वेतन नहीं मिलने से परेशान होकर बड़ा कदम उठाने की कही बात

बलौदा. पिछले आठ वर्षों से वेतन नहीं मिलने से परेशान एक कथित सेल्समैन ने शनिवार को बलौदा स्थित जिला सहकारी बैंक में खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि बैंक में मौजूद कर्मचारियों की सजगता से उसकी जान बच गई। वहीं घटना की सूचना पर बलौदा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नारायण सिंह नामक व्यक्ति खुद को बलौदा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम खिसोरा के सेवा सहकारी समिति में सेल्समैन के रूप में कार्यरत होना बता रहा है। उसका कहना है कि उसे पिछले आठ वर्षों से वेतन नहीं दिया जा रहा है। इससे वह परेशान है। इसी मसले को लेकर शनिवार को वह बलौदा स्थित जिला सहकारी बैंक पहुंचा था। बैंक मैनेजर से चर्चा करने के बाद दोपहर करीब दो बजे उसने खुद पर पेट्रोल उडेलकर बैंक परिसर में आत्महत्या करने की कोशिश की। इससे बैंक में हडक़ंप मच गया। ब्रांच मैनेजर ने तत्काल घटना की सूचना बलौदा थाने में दी। बलौदा पुलिस सूचना पाकर बैंक पहुंची और कथित सेल्समैन को थाना लाई। इसके बाद उसका डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया। बताया जा रहा है कि कथित सेल्समैन नारायण सिंह पहले भी कई बार इस तरह के कदम उठा चुका है। वहीं बैंक के मैनेजर का कहना है कि नारायण सिंह नाम का कोई सेल्सेमैन सेवा सहकारी समिति खिसोरा में कार्यरत नहीं है और न ही किसी सेल्समैन का वेतन रूका है। बहरहाल, बलौदा पुलिस ने इस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें