शनिवार, 21 अक्टूबर 2017

सक्ती विधायक के आदर्श गांव में बांटा जा रहा अवैध नल कनेक्शन, सरपंच ने पुलिस से की शिकायत, प्रति कनेक्शन 1500 लेने का आरोप

जांजगीर-चांपा. विधायक आदर्श ग्राम सिवनी-चांपा में अभी नल जल योजना का विस्तार नहीं हुआ है। पीएचई से टैकओवर लेने के बाद ग्राम पंचायत, ग्रामीणों को नल कनेक्शन देने की योजना बना रही है। इधर, गांव का एक ग्रामीण खुद पंचायत बन गया है। वह लोगों को अवैध तरीके से नल कनेक्शन भी बांट रहा है। इसके एवज में वह ग्रामीणों से रकम भी ऐंठ रहा है। मामले में शिकायत के बाद चांपा थाना प्रभारी ने सरपंच को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

सत्ता पक्ष के विधायक डॉ. खिलावन साहू का विधायक आदर्श ग्राम चांपा से लगा ग्राम सिवनी है। हालांकि सिवनी के आदर्श ग्राम घोषित हुए सालों हो गए, लेकिन अब तक यहां के ग्रामीणों को नल से पानी नसीब नहीं हो सका है। जिले की सबसे बड़ी पंचायत के लोग हर साल गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए मशक्कत करते हैं। ऐसे में ग्राम पंचायत की मांग पर शासन ने यहां नल-जल योजना की स्वीकृति दी है। योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण कर गांव के गली-मोहल्लों में पाइप लाइन का विस्तार किया गया है। काम पूरा होने के बाद पीएचई ने ग्राम पंचायत सिवनी को योजना से संबंधित निर्माण को हैंडओवर कर दिया है। पंचायत गर्मी से पहले गांव के लोगों को नल कनेक्शन देने की योजना बना रही है। ऐसे में एक ग्रामीण खुद पंचायत बनकर लोगों को अवैध तरीके से नल कनेक्शन बांट रहा है। चांपा थाना प्रभारी केपी मरकाम से की गई शिकायत में गांव की सरपंच पूजा राठौर ने बताया है कि गांव के वार्ड नंबर सात निवासी रामरतन राठौर पिता बुटारीराम बगैर ग्राम पंचायत की अनुमति के ग्रामीणों को प्रति कनेक्शन 1300 से 1500 रुपए में बांट रहा है। इसके चलते लाखों की लागत से गांव में बिछी पाइप कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पंचायत को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसके अलावा ग्रामीण के इस कृत्य का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ेगा, क्योंकि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में ग्रामीणों को नल कनेक्शन देने में परेशानी होगी। सरपंच का आरोप है कि लोगों को अवैध तरीक से नल कनेक्शन देने से मना करने पर वह गाली गलौच करता है। साथ ही सरपंची से हटाने तथा जान से मारने की धमकी देता है। सरपंच ने रामरतन राठौर पर बुरी नजर से देखने का आरोप भी लगाया है। मामले में थाना प्रभारी मरकाम ने सरपंच राठौर को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


उचित कार्रवाई की जाएगी

विधायक आदर्श ग्राम सिवनी में पंचायत से अनुमति लिए बगैर अवैध तरीके से नल कनेक्शन बांटने की शिकायत मिली है। मामले में जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शिकायत सही मिलती है तो मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

-केपी मरकाम, टीआई, चांपा

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें