जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर में संचालित विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा नौवीं के एक छात्र की निर्मम हत्या कर दी गई है। छात्र का रक्तरंजित शव शुक्रवार की सुबह नैला फाटक के पास अवस्थित खाली जमीन में मिला है। नैला पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नैला स्थित रेलवे फाटक के पास संचालित भुवनेश्वर पान सेंटर के किनारे अवस्थित खाली जमीन में शुक्रवार की सुबह एक बालक का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नैला पुलिस को दी। दीपावली की अगली सुबह एक बालक की हत्या की सूचना पाकर पुलिस तुरंत हरकत में आई और पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस दौरान मृतक की पहचान देवेन्द्र (15) पिता विनोद हरवंश के रूप में की गई। छानबीन में पता चला कि मृतक मूलत: बलौदा थाना अंतर्गत ग्राम परसाभाठा निवासी है, जो अपने परिजनों के साथ जांजगीर में रहकर विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नौवीं में पढ़ रहा था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बालक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। नैला पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
कद-काठी से लग रहा था युवक
वारदात की खबर पाकर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मृतक कद-काठी से युवक लग रहा था। इससे पुलिस उसे युवक समझकर छानबीन कर रही थी, लेकिन पड़ताल में जब इस बात का खुलासा हुआ कि शव कक्षा नौवीं के छात्र का है तो पुलिस दंग रह गई। नैला पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।
विद्यालय के प्राचार्य ने जताया शोक
घटना की जानकारी जैसे ही विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य मनोज पाण्डेय को मिली तो वे दंग रह गए। इस घटना पर उन्होंने गहरा शोक जताया है। प्राचार्य पाण्डेय ने बताया कि छात्र देवेन्द्र हरवंश पिछले कुछ सालों से उनके विद्यालय में अध्ययनरत् था। वह स्वभाव से सीधा-साधा था। संभवत: उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। छात्र देवेन्द्र की निर्मम हत्या पर उन्होंने आश्चर्य भी व्यक्त किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें